फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिल्कीपुर उपचुनाव: सीएम ने ब्राह्मण वोटरों को साधने के लिए चला ये दांव, पार्टी में चल रहे मनमुटाव को किया दूर

Sun, 19 Jan 2025 01:06 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला संवाद, अयोध्या

सार

Milkipur by-election: मुख्यमंत्री योगी ने बड़ी पहल करते हुए पूर्व विधायक खब्बू तिवारी के साथ गोरखनाथ बाबा और रामू प्रियदर्शी को अलग-अलग लखनऊ मुलाकात करने के लिए अपने आवास पर बुलाया।
विज्ञापन
मिल्कीपुर उपचुनाव। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद मिल्कीपुर में उपजे मनमुटाव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूर कर दिया है। सीएम योगी के निर्देश पर अब गोसाईगंज के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू ब्राह्मण वोटरों को साधेंगे। जबकि टिकट न मिलने से विचलित पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और रामू प्रियदर्शी में भी नई ऊर्जा का संचार कर दिया है।

विज्ञापन


मिल्कीपुर के लिए भाजपा के चुनाव अभियान की कमान शुरू से ही खुद मुख्यमंत्री योगी संभाल रहे हैं। पिछले दिनों भाजपा की ओर से जब प्रत्याशी के रूप में चंद्रभानु पासवान के नाम की घोषणा की गई तो यहां कई तरह की विपरीत परिस्थितियां उभर कर सामने आईं। टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, रामू प्रियदर्शी और भाजपा के जिला महामंत्री राधेश्याम त्यागी ने नामांकन सभा व प्रत्याशी के नामांकन से दूरी बना ली।

इतना ही नहीं मिल्कीपुर में 75,000 की संख्या में ब्राह्मण वोटर होने के बावजूद जब पार्टी प्रत्याशी की नामांकन सभा के पोस्टर और बैनर विधानसभा क्षेत्र में लगे तो उसमें पूर्व विधायक खब्बू तिवारी की तस्वीर गायब थी। इसे लेकर विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण समाज के बीच तीखी प्रतिक्रिया हुई। इन हालातों में प्रथम चरण में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पहल करते हुए पूर्व विधायकों के साथ नाराज भाजपा के जिला महामंत्री से उनके घर पर जाकर मुलाकात की।

विज्ञापन
विज्ञापन

आवास पर मिलने के लिए बुलाया 

मुख्यमंत्री से वार्ता करते पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू - फोटो : अमर उजाला।
इसके बाद शनिवार को मुख्यमंत्री योगी ने बड़ी पहल करते हुए पूर्व विधायक खब्बू तिवारी के साथ गोरखनाथ बाबा और रामू प्रियदर्शी को अलग-अलग लखनऊ मुलाकात करने के लिए अपने आवास पर बुलाया। दिन में उनकी मुलाकात पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी से हुई। इस दौरान उनके साथ एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रियदर्शी से कहा कि सभी गिले शिकवे भूलकर उपचुनाव में जुटें और पार्टी को जीत दिलाएं। इसके बाद शाम को पहले खब्बू तिवारी से मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री ने खब्बू को निर्देश दिए कि मिल्कीपुर उपचुनाव में अपनी भूमिका का बेहतर प्रदर्शन करें। इस दौरान कटेहरी उपचुनाव की भी चर्चा हुई। कटेहरी में खब्बू ने ब्राह्मण वोटरों को भाजपा के पक्ष में करने के लिए काफी मेहनत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्राह्मणों के साथ सभी वर्ग के मतदाताओं को एकजुट करें और भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करें।

पूर्व विधायक खब्बू ने गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में मया, दिलासीगंज, महबूबगंज और उनियार बाजार में फोर लेन की चौड़ाई कम कराए जाने का भी आग्रह किया। साथ ही बाईपास निकालने का प्रयास करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने इस दिशा में विचार करने का आश्वासन दिया। इसी कड़ी में पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा से मुलाकात के दौरान उन्हें भी उपचुनाव जिताने की जिम्मेदारी सौंपी। बाबा गोरखनाथ ने सीएम योगी को आश्वस्त किया कि वह पूरे मनोयोग से चुनाव अभियान में अपने समर्थकों के साथ जुटेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें