सड़क हादसों में दूध विक्रेता व वृद्ध की मौत
लखनऊ। राजधानी में रविवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दूध विक्रेता और वृद्ध की मौत हो गई। ये दुर्घटनाएं पारा और कृष्णानगर में हुईं।
काकोरी के समदा निवासी दूध विक्रेता गुड्डू यादव (35) के साले धर्मपाल ने बताया कि रविवार रात में जीजा हेलमेट लगाकर दूध बेचने बाइक से पारा के बुद्धेश्वर जा रहे थे। कुल्लड़ कट्टा में अज्ञात वाहन उनकी बाइक से टकरा गया। हादसे में गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया और मोबाइल के जरिये जानकारी दी। देर रात गुड्डू ने दम तोड़ दिया। परिवार में पत्नी कुंती और दो बच्चे हैं।
उधर, कृष्णानगर में सेक्टर-डी निवासी वृद्ध एमपी समझदार (92) स्कूटर इंडिया से क्लर्क के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके मौसेरे भाई अशोक ने बताया कि रविवार रात में भाई एमपी समझदार खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। काफी देर बाद भी जब नहीं लौटे तो इसकी जानकारी उनकी पत्नी पुष्पा ने घरवालों को दी। खोजबीन के दौरान पराग चौराहे पर स्थित एक दुकानदार ने एमपी समझदार के हादसे में घायल होने की जानकारी दी। परिजन जब उन्हें लेकर ट्राॅमा पहुंचे, वहां तो वृद्ध को मृत घोषित कर दिया गया।