यूपी के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री अतुल गर्ग साइबर जालसाजों के शिकार होने से बच गए। उन्होंने अपने निजी सचिव के माध्यम से हजरतगंज कोतवाली में जालसाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस साइबर सेल की मदद से पड़ताल कर रही है।
राज्यमंत्री अतुल गर्ग के मुताबिक शुक्रवार करीब 11.28 बजे उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से कॉल आई पर वह रिसीव नहीं हो पाई।
दोपहर करीब 3.16 बजे राज्यमंत्री के निजी सचिव ने कॉल करने वाले से बात कराई। राज्यमंत्री के मुताबिक कॉल करने वाले ने खुद का परिचय सचिवालय स्थित भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी आरके शर्मा के रूप में दिया। इसके बाद उसने खाते से संबंधित कई गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की।
संदेह होने पर अतुल गर्ग ने कड़े शब्दों का प्रयोग किया तो जालसाज ने कॉल कट कर मोबाइल बंद कर लिया। राज्यमंत्री ने बताया कि सचिवालय स्थित एसबीआई के अधिकारियों से उस मोबाइल नंबर और अधिकारी के नाम के बारे में जानकारी की तो पता चला कि इस नाम का कोई अफसर बैंक में नहीं है।