लखनऊ। लखनऊ मेट्रो के गो स्मार्ट कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में बदलने की अवधि बढ़ा दी गई है। अब यात्री नौ अक्तूबर तक पुराना कार्ड मुफ्त में बदलवा सकेंगे। पहले इसकी अंतिम तिथि दो अक्तूबर थी। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए यह फैसला लिया है।
यूपीएमआरसी के मुताबिक अब तक 50 हजार से अधिक यात्री कार्ड बदलवा चुके हैं। कार्ड बदलने से पहले पुराने कार्ड की शेष राशि खर्च करनी होगी। इसके बाद मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर सत्यापन कराकर सरेंडर रसीद और पुराना कार्ड एयरटेल पेमेंट्स बैंक कियोस्क पर जमा करना होगा। मोबाइल पर ओटीपी सत्यापन के बाद नया एनसीएमसी कार्ड निशुल्क जारी किया जाएगा।
देशभर में कर सकेंगे इस्तेमाल
एनसीएमसी कार्ड का इस्तेमाल देशभर में इसे स्वीकार करने वाली मेट्रो, बस, पार्किंग और खुदरा सेवाओं में किया जा सकेगा। लखनऊ मेट्रो में हर यात्रा पर 10 फीसदी छूट मिलेगी। कार्ड को एनसीएमसी कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन, लखनऊ मेट्रो एप और एयरटेल एप से डेबिट-क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के जरिये रिचार्ज किया जा सकेगा। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने यात्रियों से समयसीमा के भीतर कार्ड बदलवाने की अपील की है।