दिल्ली में राष्ट्रपति की उपस्थिति में मिला सम्मान
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कानपुर मेट्रो को ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रविवार को राष्ट्रपति की उपस्थिति में सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट प्रदान किया गया है। यह सम्मान आईआईटी कानपुर मेट्रो स्टेशन को दिया गया है।
दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में केंद्रीय विद्युत और आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मेट्रो एमडी सुशील कुमार को यह पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार ऊर्जा मंत्रालय के अधीन ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी(बीईई) द्वारा प्रदान किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य ऊर्जा खपत में कमी लाने व ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देना है। इससे पूर्व वर्ष 2019 एवं 2021 में यूपीएमआरसी के लखनऊ मेट्रो को मेट्रो रेलवे सेक्टर में सम्मानित किया जा चुका है। आईआईटी कानपुर स्टेशन को यह पुरस्कार मेट्रो परिचालन के दौरान ऊर्जा खपत में कमी लाने व सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा दक्षता प्रयासों के लिए दिया गया है। ऊर्जा दक्ष तकनीकों के साथ-साथ यूपीएमआरसी यूटिलिटी ग्रिड पर निर्भरता कम करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विज्ञापन
कानपुर मेट्रो को ऊर्जा संरक्षण के लिए मिला पुरस्कार