लखनऊ। पतंग के तार की वजह से चारबाग से आलमबाग मेट्रो स्टेशन के बीच शुक्रवार शाम मेट्रो संचालन बाधित हुआ। आधे घंटे तक मेट्रो ट्रेनें सुस्त गति से चलीं। एक लाइन बाधित होने से सिंगल लाइन पर ही मेट्रो संचालन हुआ, जिससे यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
पतंगबाज धातु के तारों का इस्तेमाल करते हैं। इससे सड़क हादसों के साथ-साथ मेट्रो ट्रेनों का संचालन भी बाधित होता है। इसे लेकर लगातार जागरुकता अभियान चलाए जाते हैं। बावजूद इसके पतंगबाजों पर इसका असर नहीं दिख रहा। पतंगबाजों के चलते ही शुक्रवार दोपहर बाद पतंग में लगे लोहे का तार चारबाग से आलमबाग बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन के बीच ओएचई हाईटेंशन लाइन पर गिर गया, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और एयरपोर्ट की ओर जाने वाली लाइन ट्रिप हो गई। इससे रूट पर चल रहीं मेट्रो के पहिए थम गए। सूचना मिलते ही मेट्रो प्रशासन ने सिंगल लाइन से ट्रेनों का संचालन जारी रखा। इसकी वजह से मेट्रो ट्रेनें सुस्त गति से चलती नजर आईं। यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों पर अधिक इंतजार करना पड़ा। मेट्रो के जनसंपर्क विभाग के अनुसार चारबाग से आलमबाग बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन तक संचालन बाधित रहा। तीस मिनट तक इसका असर रहा। ओएचई से तार हटाने के बाद संचालन सामान्य हो सका।