लखनऊ। पिछले कई दिनों तक बारिश और बूंदाबांदी का आनंद उठाने के बाद अब राजधानीवासियों को अगले चार-पांच दिन गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। रविवार को तापमान में थोड़ी वृद्धि के साथ ही आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिली रहेगी।
विज्ञापन
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पिछले दो दिन में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को भी शनिवार की अपेक्षा तापमान में थोड़ी वृद्धि होने के आसार हैं जिससे गर्मी के साथ ही उमस भी बढ़ेगी। 25 सितंबर के बाद हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया था जो शनिवार को बढ़कर 33.9 डिग्री हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को तापमान में थोड़ी और वृद्धि दर्ज हो सकती है। इस वजह से गर्मी और उमस भी परेशान करेगी।