लखनऊ। अप्रैल का तीसरा सप्ताह शुरू हो चुका है। अमूमन इस वक्त पड़ने वाली भीषण गर्मी इस बार थोड़ी नरमी से पेश आ रही है। हवा के गर्म थपेड़ों से अभी तक राहत है। हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो 20 अप्रैल के बाद राजधानी में रुखी हवाओं संग गर्मी पूरे रंग में होगी।
राजधानी में बुधवार को दिन का पारा चढ़ा और हवा में गर्माहट महसूस की गई। दिन का तापमान 1.1 डिग्री की बढ़त के साथ 37.4 डिग्री दर्ज हुआ। रात का पारा एक डिग्री की बढ़त के साथ 24.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि फिलहाल दिन व रात के पारे में बढ़त जारी रहेगी। 18, 19 अप्रैल को पुरवाई के असर से बादलों की आवाजाही रहेगी। हवा में नमी से पारे में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
लखनऊ की हवा का हाल
राजधानी के छह वायु गुणवत्ता मापक स्टेशनों में से बुधवार को कुकरैल और गोमतीनगर की हवा हरे यानी सेहत के लिए अच्छी श्रेणी में रही। बीबीएयू, अलीगंज, लालबाग की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी में दर्ज हुई। तालकटोरा की हवा नारंगी यानी सेहत के लिए खराब श्रेणी में रही।