लग्जरी कारों के शौकीन ग्राहक अगले साल अप्रैल तक मर्सिडीज बेंज के विभिन्न मॉडलों का लुत्फ उठा सकेंगे। कंपनी राजधानी में ‘स्टार ड्राइव’ कार्यक्रम की तैयारी कर रही है।
इसके तहत मर्सिडीज के करीब 10 विभिन्न मॉडलों की टेस्ट ड्राइव की जा सकेगी। कंपनी प्रदेश में ग्राहकों की रुचि के मुताबिक विस्तार करती रहेगी। शहर में एक साल में करीब 100 से अधिक कारों की बिक्री हो चुकी है।
ये बातें मर्सिडीज बेंच इंडिया के एमडी और सीईओ एबरहार्ड कर्न ने कहीं। वे यहां मंगलवार को फैजाबाद रोड पर उत्तरधानुआ में विश्वस्तरीय डिलरशीप स्मार्ट हुप्स का उद्घाटन करने आए थे।
उन्होंने कहा कि लखनऊ एक उभरता बाजार है। यहां लग्जरी कारों की लगातार मांग बढ़ रही है। एंट्री लेवल लग्जरी सेडान कारों में मर्सिडीज बेंज की ‘सी-क्लास’ सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है।
उन्होंने कहा कि 32 शहरों में 57 से अधिक आउटलेट्स के जरिए मर्सिडीज बेंज देश का सबसे बड़ा लग्जरी कार उत्पादक बन गया है।
आसपास के जिले होंगे कवर
फैजाबाद रोड पर नए खुले शोरूम के जरिए शहर के आसपास के जिलों को भी कवर किया जाएगा। स्मार्ट हुप्स के व्यवस्थापकीय संचालक नीरज अग्रवाल ने बताया कि इस शोरूम से कानपुर, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, वाराणसी, गोरखपुर, इलाहाबाद, बरेली और मुरादाबाद के ग्राहकों को सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
शोरूम में 11 कारों का डिस्प्ले किया जा सकता है। कारों की सर्विस के लिए अत्याधुनिक वर्कशॉप बनाई गई है। इसके जरिए एक दिन में 15 कारों की सर्विस की जा सकती है।