दो एसयूवी में सवार दबंगों ने कार चालक को पीटा
लखनऊ। गोसाईंगंज के मोहाली खुर्द निवासी दीपेंद्र सिंह ने भाजपा का झंडा लगी दो एसयूवी सवार 12 लोगों पर उनकी कार पर पथराव करने और पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर चिनहट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
दीपेंद्र ने बताया कि 25 अक्तूबर की रात करीब 12:15 बजे बजे वह कार से दोस्त जयंत सिंह के साथ तिवारीगंज से घर जा रहे थे। तिवारीगंज में झंडा लगी दो एसयूवी गलत तरह से उन्हें ओवरटेक करने लगीं। इसमें नाकाम रहने पर उन्हें मटियारी पुल के पास जबरन रोक लिया। दोनों एसयूवी से 12 लोग निकले और उनकी कार का दरवाजा खुलवाने लगे। विरोध पर ईंट-पत्थरों से कार के शीशे तोड़ दिए। यही नहीं, उन्हें और जयंत को कार से घसीटने लगे। इसमें असफल रहने पर ईंट से उन पर हमला कर दिया। पुलिस को सूचना देने पर आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। पीड़ित ने चिनहट थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि फुटेज से आरोपियों की एसयूवी चिह्नित की जा रही हैं।