सीता से प्यार करोगे तो राम बनोगे, राधा से प्यार करोगे तो घनश्याम बनोगे, जबरदस्ती प्यार करोगे तो आसाराम बनोगे..., इस जैसी अनगिनत पंक्तियां, किस्से सुनाक र लखनऊ को हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव हमारी स्मृतियों का अहम हिस्सा बन गए हैं। लखनऊ से अपनी हंसी-ठिठोली के माध्यम से एक ऐसा रिश्ता जोड़ा है उन्होंने जो अटूट है।
बात 24 जनवरी 2020 की है, जब उत्तर प्रदेश दिवस के अवध शिल्पग्राम के मंच पर मौजूद थे राजू श्रीवास्तव। उन्होंने जब माइक संभाला तो खूब हंसाया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तो जैसे सेल्फी लेने की होड़ लग गई थी। जब तक मंच पर कार्यक्रम चलता रहा लोग जुटे रहे। भीड़ के साथ पुलिसकर्मी भी बैठकर उनके कार्यक्रम का आनंद उठाते रहे। इसके बाद जैसे ही राजू श्रीवास्तव कार्यक्रम खत्म गए तो पूरा पंडाल ही खाली हो गया।
कुछ स्मृतियां ऐसी भी
- 20 मार्च 2019 को होली के अवसर पर स्वागत समारोह का आयोजन हुआ था। बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे राजू श्रीवास्तव। होलिका दहन में शामिल हुए फिर अपने अंदाज में होली के त्योहार को हास्य से भर दिया था।
- 24 जनवरी 2021 को रुद्राक्ष वेलफेयर सोसायटी के संयोजन में सरोजनीनगर के नटकुर गांव के खेल मैदान में क्रिकेट प्रीमियर लीग का फाइनल मैच हो रहा था। उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव भी वहां मौजूद थे। इस दौरान भी उनकी कॉमेडी जारी रही और मैच समाप्ति पर उनके चुटीले व्यंग्य सुनकर क्रिकेट खिलाड़ी भी लोटपोट हो गए।