मेडिकोज एक माह समझेंगे चिकित्सा जगत के अंग्रेजी शब्दों का अर्थ
केजीएमयू एवं लोहिया संस्थान में छात्रों को नए पैटर्न पर शिक्षा देने की तैयारी
केजीएमयू और लोहिया संस्थान में नए छात्रों के स्वागत की तैयारी शुरू हो गई है। दोनों संस्थान नवागत छात्रों को नए पैटर्न पर शिक्षा देने की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए अलग से एक समिति बना दी गई है। यह समिति नए पैटर्न की मानीटरिंग करेगी।
एमसीआई ने नए सत्र में चिकित्सा शिक्षा केपैटर्न को बदल दिया है। इस बार वस्तुनिष्ठ सवाल अधिक होंगे। इस बार एक माह अंग्रेजी की क्लास चलेगी। इसमें चिकित्सा में प्रयोग होने वाले शब्दों के बारे में बताया जाएगा। इसके बाद अर्ली क्लीनिकल एक्सपोजर के तहत उन्हें ओपीडी में मरीजों से भी मिलवाया जाएगा। इसके लिए केजीएमयू और लोहिया संस्थान ने समिति बना दी है। यह समिति नए पैटर्न के मुताबिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएगी। मालूम हो कि केजीएमयू में एमबीबीएस की 250 सीटें हैं। इनमें स्टेट कोटे की 192 सीटें भर गई हैं। इसी तर ह ऑल इंडिया कोटे की 37 में 23 पर दाखिले हुए हैं। डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की 180 सीटों में स्टेट कोटे की 144 और ऑल इंडिया की 27 सीटों में छह पर दाखिला हुआ है।
अन्य सीटें दूसरे राउंड की काउंसलिंग में भरी जाएंगी। केजीएमयू के मीडिया प्रभारी डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि नए पैटर्न को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। लोहिया संस्थान के मीडिया प्रभारी डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि संस्थान में नए सत्र की तैयारियां पूरी कर ली गई है। निदेशक ने इसकेलिए समिति बनाकर जिम्मेदारी सौंपी है।