रायबरेली। डीह क्षेत्र के नरायणपुर मजरे रोखा गांव में बिना लाइसेंस के मनमाने तरीके से संचालित मेडिकल स्टोर पकड़ा गया। डीह पुलिस के सहयोग से ड्रग इंस्पेक्टर शीवेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने मौके पर पहुंचकर दवाएं सीज करके दुकान को बंद करा दिया। एक संदिग्ध दवा का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। दुकानदार के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में मुकदमे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आईजीआरएस पर हुई शिकायत पर ड्रग इंस्पेक्टर ने नरायणपुर पहुंचकर संबंधित दुकान की जांच की। दुकान पर मेडिकल स्टोर का बोर्ड तक नहीं लगाया था। रैक में दवाएं रखकर मो. जाविद नाम का व्यक्ति बेच रहा था। बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर ने डीह पुलिस की मदद से 10 हजार रुपये से अधिक की कीमत की दवाओं को सीज करके कब्जे में लिया। ड्रग इंस्पेक्टर शीवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालित था, जिसे बंद कराया गया। एसीजेएम कोर्ट में दुकानदार के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा।