पांच और लोग डायरिया की चपेट में
- सभी जिला अस्पताल में भर्ती, एक गंभीर हालत में अयोध्या रेफर
फोटो 8
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। डायरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच बीते 24 घंटे में पांच नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन के बीच सीएचसी, पीएचसी के साथ ही जिला अस्पताल में डायरिया से पीड़ित मरीजों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को भी डायरिया के पांच नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अकबरपुर केे शहजादपुर निवासी शमशाद की पुत्री निकहत (20) शनिवार देर शाम डायरिया की चपेट में आ गई। उसे उल्टी-दस्त हो रहे थे। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया। जलालपुर निवासी कृष्ण प्रकाश (48) पुत्र श्यामलाल रविवार सुबह उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अकबरपुर के लोरपुर ताजन निवासी महताब आलम (28) पुत्र मुस्लिम को शनिवार देर शाम उल्टी-दस्त आने लगे। स्थानीय इलाज के बाद भी जब तबीयत में सुधार नहीं हुआ, तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अकबरपुर के पंजूपुर गांव निवासी रवि (12) पुत्र हनुमान को घरवालों ने रविवार सुबह उल्टी-दस्त होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहांगीरगंज थाना अंतर्गत नरियांव निवासी सुशीला (27) पत्नी गणेश को शनिवार देर शाम उल्टी दस्त शुरू हो गए। लगातार खराब होती तबीयत के बीच घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।