लखनऊ। राजधानी समेत प्रदेश के राजकीय और एडेड पॉलीटेक्निक संस्थानों में सोमवार से डिप्लोमा इंजीनियरिंग की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले ही दिन कई तकनीकी विसंगतियां सामने आने से छात्र परेशान नजर आए। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की परीक्षा देने पहुंचे कई विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र पर कंप्यूटर साइंस सहित अन्य विषय अंकित मिले, जिससे परीक्षा केंद्रों पर भ्रम की स्थिति बन गई।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि कुछ अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र पर गलत विषय अंकित होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सभी संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्तर से सही विषय अंकित कर छात्रों को परीक्षा में शामिल कराएं और इसकी सूचना परिषद को उपलब्ध कराएं।
पहले दिन आयोजित मैकेनिकल इंजीनियरिंग की परीक्षा में ऊर्जा संचालन, थर्मल सिस्टम, भौतिकी, गणित और सामग्री विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक से परीक्षा देकर निकली छात्रा रेखा सोनकर ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार प्रश्नों की संख्या अधिक रही।
पॉलीटेक्निक परीक्षा की तारीख में बदलाव
लेखपाल भर्ती परीक्षा के कारण प्राविधिक शिक्षा परिषद ने 21 मई को प्रस्तावित इंजीनियरिंग विषय की परीक्षा स्थगित कर दी है। अब यह परीक्षा 24 मई, रविवार को आयोजित की जाएगी। सचिव एसके सिंह के अनुसार, पॉलिटेक्निक संस्थानों में लेखपाल परीक्षा केंद्र होने के चलते यह निर्णय लिया गया है।
पॉलीटेक्निक छात्रों को राहत,सीयूईटी के लिए छोड़ सकेंगे इंजीनियरिंग परीक्षा
परिषद ने अंतिम वर्ष के पॉलीटेक्निक छात्रों को राहत देते हुए सीयूईटी और सेमेस्टर परीक्षा के टकराव की स्थिति में विशेष व्यवस्था लागू की है। सचिव एसके सिंह के अनुसार, जिन छात्रों की दोनों परीक्षाएं एक ही दिन पड़ेंगी, वे सीयूईटी का एडमिट कार्ड दिखाकर इंजीनियरिंग परीक्षा से छूट प्राप्त कर सकेंगे। ऐसे छात्रों की सेमेस्टर परीक्षा बाद में आयोजित की जाएगी। यह निर्णय छात्रों के भविष्य और उनके ईमेल के आधार पर लिया गया है।