लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शनिवार रात चाय पीने बाइक से जा रहे एमबीबीएस छात्र ध्रुव अग्रवाल (23) की बाइक व अज्ञात वाहन में टक्कर हो गई। हादसे में उनकी मौत हो गई, जबकि उनके साथी हार्दिक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिजनौर जिले के किरतपुर निवासी ध्रुव राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट से एमबीबीएस फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता राजीव अग्रवाल के मुताबिक बेटा सुशांत गोल सिटी स्थित पुलिस हेडक्वार्टर के पास हॉस्टल में रहता था। शनिवार देर रात लगभग तीन बजे ध्रुव दोस्त हार्दिक मलिक के साथ चाय पीने के लिए बाइक से जा रहा था। डायल-112 बिल्डिंग के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की ध्रुव की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने दोनों को ट्रामा-2 पहुंचा, जहां ध्रुव अग्रवाल की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल हार्दिक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ध्रुव के परिजनों को हादसे की सूचना दी।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे के वक्त बाइक सवार ध्रुव और हार्दिक ने हेलमेट पहना था या नहीं इसका पता नहीं चल सका है। ध्रुव के पिता राजीव अग्रवाल बर्तन के फुटकर विक्रेता हैं। परिवार में मां कविता और भाई शिवम है। घरवालों ने बताया कि बीते माह ध्रुव ने दोस्तों के साथ धूमधाम से अपना जन्मदिन मनाया था। वह पढ़ने में होनहार थे।