लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विवि से संबद्ध टीएस मिश्रा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की एमबीबीएस पहले व दूसरे प्रोफेशनल बैच की परीक्षाएं 11 जनवरी से शुरू होंगी। इसका प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमित कुमार राय केअनुसार पहले प्रोफेशनल बैच 2020-21 की परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी के बीच सुबह 11 से दोपहर 02 बजे तक होंगी। वहीं, दूसरे प्रोफेशनल बैच 2019-20 की परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी के बीच सुबह 11 से दोपहर 02 बजे तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। डॉ. राय ने कहा कि विद्यार्थियों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। मास्क और सैनिटाइजर के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल होना होगा। छात्र अपना पानी और नाश्ता भी साथ ला सकते हैं। उक्त परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म 06 जनवरी तक अपनी लॉगिन के माध्यम से भर सकेंगे। विद्यार्थियों को निर्धारित 14 हजार 500 रुपये और यदि पूरक परीक्षा में शामिल हो रहे हैं तो 3500 रुपये प्रति विषय ऑनलाइन जमा करने होंगे। इस शुल्क को जमा किए बिना विद्यार्थी परीक्षा में नहीं शामिल हो सकेंगे। विद्यार्थी ऑनलाइन भरे हुए परीक्षा आवेदन व शुल्क की रसीद सहित मूल प्रति सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संस्थान में जमा करेंगे। इसकी एक प्रति अपने पास भी सुरक्षित रखें।