लखीमपुर खीरी में बाबा साहब भीम राव अंबेडकर पर नरेंद्र मोदी ने एक ऐसा बयान दे डाला, जिसे सुनकर बसपा सुप्रीमो तिलमिला उठीं।
झटपट उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई और मोदी पर बरसने लगीं। बोली, 'भारतीय जनता पार्टी ने जिस नेता को पीएम पद का उम्मीदवार बनाया है, वो तो कमाल का आदमी है। इसे इतिहास की कतई जानकारी नहीं है।'
खीरी की जनसभा में मोदी के बाबा साहब अंबेडकर पर दिए बयान से नाराज मायावती ने कहा कि यह शख्स गलत बयानबाजी करने में सबसे आगे है।
माया बोलीं, इसे कुछ पता नहीं। बिहार में जाता है, तो वहां गलत बोलता है। बाबा साहब के बारे में भी इसने गलत बयानबाजी की तो मुझे मीडिया को बुलाना पड़ा।
मोदी ने ये दिया था बयान
नरेंद्र मोदी ने खीरी की जनसभा में अंबेडकर जयंती का सियासी फायदा उठाने के लिए कहा दिया कि बाबा साहब को 50 साल में किसी ने भारत रत्न नहीं दिया। जब केंद्र में भाजपा के समर्थन वाली सरकार बनी, तब उन्हें भारत रत्न से नवाजा गया।
मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि जब अंबेडकर ने बुद्ध पर किताब लिखी तो अंबेडकर के निवेदन करने के बावजूद जवाहर लाल नेहरू ने 100 किताब भी नहीं खरीदी थी।
माया इसी बयान पर बौखलाईं थीं। उन्होंने मोदी पर जमकर तंज कसे और कहा कि यह शख्स न जाने कैसा है। बोलता कुछ है और करता कुछ भाजपा का पीएम पद का उम्मीदवार।
'यूपी के हालात बहुत बिगड़ सकते हैं'
मायावती ने कहा कि मोदी को सिर्फ झूठ बोलना आता है। उन्होंने कहा कि मोदी झूठ, छल और कपट की राजनीति करने में माहिर हैं।
मायावती यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने कहा कि मोदी और भाजपा के अन्य नेता देश को हिंदू-मुस्लिम रंग देने की फिराक में हैं।
उन्होंने अमित शाह के विवादित बयान पर भी तंज कसते हुए कहा कि ऐसा शख्स मोदी का सबसे खास चेला है। मायावती ने कहा, 'मैं सपा के नेता आजम और भाजपा के अमित शाह की रैलियों पर बैन लगाने के चुनाव आयोग के फैसले का समर्थन करती हूं।'
उन्होंने यह भी कहा कि लेकिन इनके दल बैन हटाने की कोशिश कर रहे हैं। इसीलिए मैं चुनाव आयोग से अपील करूंगी कि बैन न हटाएं नहीं तो यूपी के हालात बहुत बिगड़ सकते हैं।
बताया अपनी जीत का अंकगणित
सवाल मुस्लिम सियासत का उठा तो मायावती ने सूबे का सियासी अंकगणित ही समझा डाला।
उन्होंने कहा कि बसपा ही मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोक सकती है इसीलिए मैं हर रैली में मुस्लिमों से अपील करती हूं कि वोट बंटने मत देना।
उन्होंने कहा कि यूपी की सभी 80 सीटों पर बसपा जीत हासिल कर सकती है। हर सीट पर कम से कम 2.5 लाख पिछड़ा और दलित वोट है, जो हमें ही मिलेगा।
इसके अलावा, अगर मुस्लिम भी बसपा का साथ देते हैं तो हम ये वादा करते हैं कि मोदी की सरकार केंद्र में नहीं बनने देंगे।
जोशी का भी उड़ाया मखौल
माया ने मुरली मनोहर जोशी के हालिया बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'ये बेचारा क्यों चिल्ला रहा है? ऐसा ये अकेला नहीं है। तमाम ब्राह्मण भाजपा में हाशिए पर आ गए हैं। बेचारे को बनारस से उठाकर कानपुर फेंक दिया, तो बोलेगा ही। भाजपा में अब ब्राह्मणों के लिए जगह नहीं बची है।'
माया ने यह भी कहा कि ब्राह्मण वोट भी बसपा के साथ हैं, क्योंकि भाजपा में उनकी कोई पूछ नहीं। उन्होंने कहा कि यूपी में ब्राह्मणों को सबसे ज्यादा टिकट देने वाली पार्टी बसपा ही है।
भाजपा और अन्य पार्टियों ने इतने ब्राह्मणों को टिकट नहीं दिए हैं।