बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि यूपी, उत्तराखंड और मध्य प्रेदश में बसपा-सपा काफी बेहतर विकल्प बनकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में खासकर यूपी में बीजेपी की हालत काफी खराब है, उसे केंद्र की सत्ता जाने का डर सताने लगा है। इस सरकार को जनता अब दूर से ही राम-राम कह रही है।
मायावती बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश व मंडल स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों व जिम्मेदार लोगों को संबोधित कर रही थीं। यहां उन्होंने लोकसभा आमचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों व अन्य जरूरी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। मायावती ने कहा कि प्रत्याशियों व साझा रैलियों का एलान जल्द किया जाएगा। वह सपा मुखिया अखिलेश यादव से बात कर चुनावी रणनीति को गति देने का काम करेंगी।
बसपा सुप्रीमो ने तीन मार्च की बैठक में दिए गए निर्देशों पर अमल की समीक्षा की। कहा कि बसपा व सपा नेतृत्व की अपील का आम लोगों पर अच्छा प्रभाव पड़ा है तथा गठबंधन की तीनों पार्टियों के समर्थक आपसी गिले-शिकवे भुलाकर भाजपा को हराने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने एक बार फिर भाजपा से सावधान रहने का निर्देश दिया। कहा कि भाजपा साम, दाम, दंड, भेद आदि हथकंडों का इस्तेमाल कर चुनाव जीतने में विश्वास रखती है। इसके लिए ईवीएम पर खास ध्यान रखने की भी जरूरत है।