बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि भाजपा दूसरे नंबर पर आने की लड़ाई लड़ रही है। सपा और भाजपा आपस में मिले हैं। प्रधानमंत्री इस पर पर्दा नहीं डाल सकते।
मायावती ने बृहस्पतिवार को यहां जारी एक बयान में विद्युतीकरण के मामले में सपा के साथ बसपा सरकार को भी कठघरे में खड़ा करने के लिए मोदी की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि दो चरण के चुनाव से स्पष्ट है कि जनता ने बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का मन बना लिया है।
मायावती ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर सफाई भी दी। कहा, लोग षड्यंत्र के तहत सोशल मीडिया पर उनकी नकली या असली आवाज में कट्टरवादिता को लेकर ऐसी बातें प्रचारित कर रहे हैं, जिससे मुस्लिम समाज के लोग गुमराह हों।
ऐसा करने वाले यह नहीं बता रहे कि यदि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रचारित बातें कभी कहीं भी, तो किस संदर्भ में कहीं। इससे जाहिर है कि यह मुस्लिम समाज के लोगों को गुमराह करने का षड्यंत्र है। मायावती ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि मुस्लिम समाज बहकावे में नहीं आएगा।