यूपी में विधानसभा चुनाव परिणाम की घोषणा होने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ज्यादातर जगह बीजेपी को मिले भारी मात्रा में वोट ये दर्शाते हैं कि वोटिंग मशीन में जरूर कोई गड़बड़ थी।
उन्होंने ये भी कहा कि ये बात भी प्रचलित है कि बटन कोई भी दबाओ वोट बीजेपी को ही जाता है। बसपा सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि वोटिंग मशीन को भी मैनेज किया गया था। मायावती ने कहा कि यूपी का परिणाम चौंकाने वाला है। ईवीएम के सारे वोट बीजेपी को गए हैं। बीजेपी के लोगों ने इस तरह की गड़बड़ी करके लोकतंत्र की हत्या की है।
मायावती ने कहा कि भाजपा ने ईवीएम में गड़बड़ी की जिससे कि मतदाताओं ने किसी दूसरी पार्टी को भी वोट किया तो भी वो भाजपा को ही मिला।
उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के बड़े नेताओं को चुनौती देकर कहती हूं कि अगर उनमें जरा भी ईमानदारी बाकी है तो वो चुनाव आयोग को पत्र लिखें और पुराने तरीके बैलट के द्वारा चुनाव कराए। उन्होंने चुनाव में गड़बड़ी कर लोकतंत्र की हत्या की है।
मायावती ने कहा कि भाजपा ने एक भी मुसलमान को टिकट नहीं दिया लेकिन मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में भाजपा को भारी वोट मिला जो कि गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।
मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 में भी यही बात हुई थी। जब भाजपा को 73 सीटें मिली थी। तब भी यही आशंका जताई गई थी कि वोटिंग मशीनों से छेड़छाड़ की गई है।
मायावती ने कहा कि रूझान और नतीजों से भी यह स्पष्ट है कि वोटिंग मशीनों को मैनेज किया गया था।