सपा का घोषणापत्र जारी होने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसकी आलोचना की है। उनका कहना है कि इस घोषणापत्र में कुछ भी खास नहीं है। मायावती ने कहा, सपा ने 2012 के वादे ही पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा, पांच साल की सरकार में सपा का काम कम अपराध ज्यादा बोलता है। बसपा सुप्रीमो ने कहा, जनता देखती है कि पुराने कितने वादे पूरे हुए।
मायावती ने कहा कि जनता चाहती है कि विकास हो लेकिन इसके साथ उसके जानमाल की भी सुरक्षा होनी चाहिए जो इस सरकार में उनको नहीं मिली है। इस सरकार में हर तरह का अपराध बढ़ा है। जनता इनके चुनावी घोषणापत्र के बहकावे में आने वाली नहीं है।
मायावती ने कहा, सपा ने कभी भी अपराधियों और गुंडों को जेल भेजने की हिम्मत नहीं की क्योंकि ऐसा करने पर उनकी पार्टी में कोई बचेगा ही नहीं। मायावती ने अखिलेश का धन्यवाद भी किया और कहा, मैं सपा मुखिया की शुक्रगुजार हूं कि अपना घोषणापत्र जारी करने के दौरान उन्होंने बसपा के सिंबल हाथी का कई बार जिक्र करके उसका फ्री में प्रचार किया।