बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया है। मायावती ने एक बयान जारी करके कहा कि बसपा-सपा को मिला हुआ बताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद अपना मजाक उड़वाया है।
मायावती ने कहा, यूपी में विधानसभा चुनाव की तिथि अभी तक घोषित नहीं हुई लेकिन नरेंद्र मोदी ने अपनी पार्टी भाजपा की तरह झूठी बातें फैलानी शुरू कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि वह ऐसी गलत बयानबाजी कर रहे हैं जो देश के लोगों के गले के नीचे उतरने वाली नहीं हैं। बता दें कि बीते दिनों महोबा में हुई रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि बसपा और सपा में मिली-भगत है। इसी बात को लेकर मायावती ने उनको घेरा है।
मायावती ने कहा, 2 जून 1995 में लखनऊ के स्टेट गेस्ट हाऊस में सपा ने उन पर जो जानलेवा हमला करवाया था उसके बाद तो सपा को कभी माफ नहीं किया जा सकता। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि उसके बाद से बसपा ने सपा से कभी कोई सियासी मेल-जोल नहीं रखा।
उन्होंने कहा कि 21 साल बीएसपी ने सपा के हर गलत काम की खिलाफत ही की है और इस चीज में कभी चुनावी फायदे-नुकसान की फिक्र नहीं की है।
मायावती ने कहा कि बिहार के गठबंधन से लेकर दंगों और साम्प्रदायिकता की राजनीति तक जनता ने सपा और भाजपा की मिलीभगत देखी है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का ये बयान उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने कहा कि प्रधानमंत्री का ये बयान पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है।