बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि गाजियाबाद स्थित एटलस जैसी साइकिल फैक्ट्री का बंद होना चिंता बढ़ाने वाली बात है। केंद्र सरकार को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ऐसे समय जब लॉकडाउन के कारण बंद पड़े उद्योगों को खोलने के लिए आर्थिक पैकेज देने की बात की जा रही है। यूपी के गाजियाबाद स्थित एटलस जैसी प्रमुख साइकिल फैक्ट्री का धन अभाव में बंद होना चिंता बढ़ाने वाली खबर है। सरकार तुरंत ध्यान दे तो बेहतर है।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि यूपी में घर वापसी करने वाले लाखों प्रवासी श्रमिकों में से मात्र 3 प्रतिशत को ही कोरोना पीड़ित पाए जाने की खबर बड़ी राहत देने वाली है। खासकर तब जब कोरोना के बढ़ते मामलों के लिए इन्हें ही दोषी ठहराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी आशंका के तहत इन मजलूमों की घर वापसी में देरी की जा रही थी।
मायावती ने केरल में एक गर्भवती हाथिनी की हत्या पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि पलक्कड में एक गर्भवती हथिनी को विस्फोटक भरा अनानास खिलाकर क्रूरतापूर्वक मारने की अति-दुःखद व निन्दनीय खबर स्वाभाविक तौर पर मीडिया की सुर्खियों में है। हाथी जैसे सहज व उपयोगी जानवर के साथ ऐसी क्रूरता की जितनी भी निन्दा की जाए कम है। सरकार दोषियों को सख्त सजा दे।