लखनऊ। तेजी से बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग के अनुमान थोड़ी राहत देने वाले हैं। पूरे प्रदेश में तो नहीं लेकिन लखनऊ समेत कुछ इलाकों में 12 मार्च को बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि तापमान फिलहाल धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा। मंगलवार को भी दिन का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री रहा। बुधवार को भी पारा चढ़ने के आसार हैं। मौसम बुलेटिन के अनुसार अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बूंदा बांदी केआसार बन रहे हैं। तापमान बढ़ तो रहा है, लेकिन तीन-चार दिन के अंतराल पर इसमें कमी आएगी और फिर बढ़ेगा। होली तक पारे में ऐसे ही उतार-चढ़ाव, कभी गर्मी ज्यादा तो कभी कम रहने के आसार बने रहेंगे। इसके अलावा मौसम में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं बन रहे हैं। बीते दो दिन के तापमान को देखें तो न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि अधिकतम तापमान दो डिग्री तक बढ़ा है।