शिया धर्म गुरू मौलाना सैयद सैफ अब्बास नकवी ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान कोएटा में 11 कोयला खदान मजदूरों की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने शियाओं की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक सुरक्षित नही है।
मौलाना ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद का बोल बाला है। पाकिस्तान खुद को इस्लामी देश कहता है, वास्तव में आईएसआई के इशारे पर काम कर रहा है और लगातार अल्पसंख्यकों को निशाना बना रहा है। मौलाना ने कहा कि गुरुद्वारों, मंदिरों और इमामबाडों को ध्वस्त किया जा रहा है। शिया, हिंदू और सिख मारे जा रहे हैं। अपहृत श्रमिकों के नाम पूछ कर शियाओं को मारना इस बात का प्रमाण है कि वहां अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले, गुरुद्वारों, मंदिरों और इमामबाड़ों को नुकसान पहुंचा गया था। अब 11 गरीब मजदूर शहीद हुए हैं। मौलाना ने कहा कि हम संयुक्त राष्ट्र से आग्रह करते हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पाकिस्तान सरकार को तुरंत प्रतिज्ञा दिलाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो। मौलाना ने कहा कि दुनिया भर के शिया पाकिस्तानी शियाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और हम देश के सभी संगठनों और संस्थानों से अपील करते हैं कि वे पाकिस्तान में शियाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र को एक पत्र भेज कर विरोध दर्ज करें।