लखनऊ। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज सहित राजधानी के 65 केंद्रों पर रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की ओर से राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) की लिखित परीक्षा हुई। अभ्यर्थियों ने बताया कि जहां गणित के पेपर ने दिमाग उलझा दिया, वहीं सामान्य ज्ञान ने थोड़ी राहत जरूर दी।
पहली पाली में हुए गणित के पेपर में 120 सवाल थे। उच्चतम घात, समीकरण, त्रिज्या और खासतौर पर त्रिभुज से जुड़े सवालों ने अभ्यर्थियों की रफ्तार थाम दी। कई सवाल इतने लंबे और पेचीदा थे कि समय प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती बन गया।
कानपुर से आए मोहित सिंह ने बताया कि गणित का पेपर उम्मीद से कहीं ज्यादा कठिन निकला। ज्यामिति के सवालों में उलझकर समय का अंदाजा ही नहीं रहा। दूसरी ओर, सामान्य ज्ञान ने अभ्यर्थियों को कुछ हद तक संभाला। भूगोल और इतिहास के सवाल संतुलित रहे, लेकिन विज्ञान ने यहां भी थोड़ा ट्विस्ट डाल दिया। कुछ प्रश्न पारंपरिक पैटर्न से हटकर थे, जिससे अभ्यर्थी चौंक गए।
अनामिका कुमारी के अनुसार, विज्ञान के सवालों ने पेपर का स्तर बढ़ा दिया। वहीं अमन ने कहा कि भले ही कई सवाल तैयारी से अलग थे, लेकिन इस अनुभव से परीक्षा के पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन के मुताबिक, परीक्षा में करीब 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जो प्रतियोगी उत्साह को दर्शाती है।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी।