मसूद अहमद को ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती मेडल
उर्दू विवि में दीक्षांत के लिए मेडलिस्टों की प्रस्तावित सूची जारी
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती उर्दू, अरबी-फारसी विश्वविद्यालय में इस बार दीक्षांत समारोह में आर्ट्स एंड ह्यूमिनिटीज (अरेबिक) के छात्र मसूद अहमद को ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती मेडल दिया जाएगा। मसूद अहमद को विभाग का भी मेडल मिलेगा। जबकि बीसीए के छात्र अभिषेक वर्मा को चांसलर मेडल समेत तीन और बीसीए के ही अभिजीत कुमार सिंह को वाइस चांसलर समेत दो मेडल दिए जाएंगे।
विवि ने 22 नवंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह के मद्देनजर मेडल पाने वाले छात्रों की प्रोविजनल मेडल लिस्ट वेबसाइट पर अपलोड की है, जिस पर 4 अक्तूबर तक विद्यार्थी अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। लिस्ट के अनुसार बीसीए के छात्र अभिषेक वर्मा को चांसलर मेडल के साथ फैकल्टी और विभाग के भी मेडल दिए जाएंगे। बीसीए छात्र अभिजीत कुमार सिंह को वाइस चांसलर मेडल के साथ विभाग का भी मेडल दिया जाएगा।
उक्त के साथ बीए ऑनर्स अरेबिक के मोहम्मद शाकिर को फैकल्टी और विभाग का मेडल दिया जाएगा। बीबीए की छात्रा बुशरा खान को फैकल्टी और विभाग का, एमए अरेबिक के बदरे आलम को फैकल्टी और विभाग, एमए एजुकेशन की निदा बानो को फैकल्टी और विभाग, एमकॉम की इरम कहकशां को फैकल्टी और विभाग मिलाकर दो-दो मेडल दिए जाएंगे। दीक्षांत में लगभग 70 विद्यार्थियों को मेडल दिए जाएंगे। आपत्तियों के बाद मेडल पाने वाले विद्यार्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। रजिस्ट्रार व परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद द्वारा ने कहा है कि पदक में किसी को कोई आपत्ति है तो उसके निस्तारण के लिए एक प्रार्थना पत्र संबंधित विभागाध्यक्ष/ विषय प्रभारी से अग्रसारित कराकर निर्धारित तिथि तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में जमा कराएं। इसके बाद इस पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
इनको मिलेगा लेटर ऑफ एप्रीसिएशन
सोशल साइंस के फैजल बेग, जीएसटी डिप्लोमा के जय मणि त्रिवेदी, सना, राहुल कुमार, यूजी डिप्लोमा अरेबिक की मरयम हफीज, मोहम्मद काशिम, राशिद खुर्शीद अहमद, पीजी डिप्लोमा अरेबिक के मोहम्मद शाकिर, मसूद अहमद, सैद व पीजी डिप्लोमा उर्दू जर्नलिज्म की नुरुल हुदा, गुलनाज आयशा खान, नजरैन अंसारी।