श्रावस्ती। सोनपुर गांव निवासी एक विवाहिता की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी लाश उसी के कमरे में फंदे से लटकती मिली। मामले में मृतक की मां ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए अपनी पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम मसहा कला के मजरा लोनियनपुरवा निवासी रामावती पत्नी पंचम यादव ने अपनी पुत्री राजकुमारी (25) का विवाह छह वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के ही ग्राम परसोहना के मजरा सोनपुर निवासी पहले राकेश यादव पुत्र बच्चाराम यादव के साथ किया था। दो वर्ष पूर्व राजकुमारी गउने में विदा कोहर अपनी ससुराल गई थी। उसके एक वर्ष का बेटा भी है। रविवार देर रात राजकुमारी की लाश उसी के कमरे में फंदे पर लटकती मिली। सूचना पर पहुंची रामावती ने दामाद राकेश यादव, ससुर बच्चाराम पुत्र गुरु प्रसाद, सास इन्द्रावती व जेठ राजेश यादव तथा चचेरे ससुर वृक्षराम पर दहेज के लिए पुत्री की हत्या का आरोप लगाया है।
प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह का कहना है कि मृतक की मां की तहरीर पर सभी आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।