मलिहाबाद। उन्नाव स्थित नानामऊ घाट से मंगलवार सुबह गंगा स्नान कर बाइक से लौट रही हरदोई के बेहटा गोकुल स्थित दलेल नगर निवासी सपना (23) नींद आने के कारण बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गईं। गंभीर रूप से घायल सपना को परिजनों ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
पति राम नारायण ने बताया कि वह पत्नी सपना के साथ गुडंबा के मिश्रपुर डिपो स्थित ससुराल में रह रहे थे। सपना अपने मामा धीरेंद्र सिंह और मामी खुशबू के साथ बाइक से गंगा स्नान करने गई थीं। वापसी के दौरान सपना बाइक पर सबसे पीछे बैठी थीं। रहीमाबाद इलाके में डीसीएम को ओवरटेक करते समय वह अचानक नीचे सिर के बल सड़क पर गिर गईं। सपना की शादी चार साल पहले हुई थी। उनके पति चालक हैं। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और न ही इस संबंध में कोई शिकायत मिली है।