बख्शी का तालाब। कोटवा गांव में महिला बाटू गौतम (20) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बाटू के भाई सीतापुर के रेउसा निवासी जयराम ने जीजा पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
जयराम ने बताया कि एक साल पहले उन्होंने बहन की शादी बीकेटी के कोटवा गांव निवास युवक से की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही जीजा बहन को दहेज में बुलेट और एक लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करने लगा। छह माह पहले बहन की सास ने 16 लाख रुपये में जमीन बेची थी। आरोप है कि रकम मिलते ही जीजा ने नौकरी छोड़ दी और शराब पीने लगा। विरोध पर बहन को पीटता था। जयरम ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे उनके पास बहन के देवर की कॉल आई थी। उसने जीजा के बहन को काफी पीटने की बात कही थी। देवर को बहन मरणासन्न हाल में फर्श पर पड़ी मिली थी। वह उसे राम साग मिश्र अस्पताल लेकर पहुंचा तो डॉक्टर ने बहन को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाग निकला। आरोप है कि जीजा ने बहन की गला घोंट कर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक विवाहिता के घरवालों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।