मलिहाबाद में प्रेमी युगल के परिवारीजन भी उनकी जिद के आगे हार गए। अंतत: दोनों के परिवारीजनों ने आपसी रजामंदी से रहीमाबाद चौकी में पुलिस के समक्ष पेश होकर दोनों की शादी कराने का आग्रह किया। इसके बाद चौकी की पुलिस ने दोनों के बालिग होने साक्ष्य देखकर उन्हें शादी की अनुमति दे दी।
हरदोई जनपद के कासिमपुर थाना क्षेत्र के निवासी दीपक सैनी का रहीमाबाद की मोहनी से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिवारीजनों को जब इस बात की भनक लगी तो उन्होंने विरोध किया। लेकिन दोनों के परिवारीजन बुधवार को एकत्र हुए और कुछ सम्भ्रांत लोगों के बीच चर्चा की जिसके बाद यह निर्णय हुआ कि दोनों की शादी करा दी जाए। चौकी इंचार्ज द्वारिका प्रसाद प्रजापति ने बताया कि दोनों बालिग हैं। उनकी मर्जी एक-दूसरे के साथ रहने की है, इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। दोनों के परिवारीजन में आपसी बातचीत हुई जिसके बाद चौकी परिसर में बने शिव मंदिर में दोनों ने शादी कर ली।