लखनऊ। हजरतगंज इलाके में बालू अड्डा के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चौथे तल से रहस्यमय हालात में गिरने से हुई चिकन कारोबारी शिवा शर्मा (28) की मौत के मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवा की मौत से पहले उसके शरीर पर 10 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि शिवा के साथ बर्बरता की गई थी। शिवा की मां रंजना का आरोप है कि श्रद्धा, उसकी बहन और अन्य आरोपियों ने पहले बेटे की जमकर पिटाई की और फिर चौथे तल से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक शिवा के शरीर पर जो चोटें लगी थीं उनके कारण ज्यादा खून बह गया। इससे सदमा लगा और उसकी मौत हो गई। शिवा के शरीर पर सभी चोटें उनके जिंदा रहते लगी थीं। मौत के बाद एक भी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शिवा को किसी कठोर वस्तु से चोट पहुंची थी। आरोप है कि चौथे तल से फेंकने के कारण शिवा फर्श से टकराया था जिससे शरीर पर रगड़ के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट लगने और मौत के बीच का समय स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद फोरेंसिक टीम ने रविवार को साक्ष्य संकलन किया। हजरतगंज पुलिस फ्लैट में रहने वाले लोगों के बयान लिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि शिवा अर्द्धनग्न अवस्था में था और उसके शरीर पर लिपिस्टिक के निशान थे।
नेता, ब्यूरोक्रेट्स से थे संबंध, शिवा को देती थी धमकी
रंजना के मुताबिक श्रद्धा के कई नेताओं, ब्यूरोक्रेट्स और खिलाड़ियों से संबंध थे। सोशल मीडिया पर कई लोगों के साथ श्रद्धा की तस्वीर भी वायरल हो रही है। आरोप है कि श्रद्धा अपनी पहुंच का रौब दिखाकर शिवा को जेल भिजवाने की धमकी देती थी। शिवा विभूतिखंड में एक कैफे के बाहर गोली चलाने के आरोप में पहले जेल जा चुका था। इसके कारण वह दोबारा जेल नहीं जाना चाहता था। इसी बात का फायदा उठाकर श्रद्धा उसको ब्लैकमेल करती थी।
दोनों बहनें साथ में भागीं, रायबरेली में दबिश
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि दोनों साथ में हैं। दोनों अयोध्या रोड से भागी हैं। अन्य आरोपियों की लोकेशन अलग मिली है। पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। एक टीम श्रद्धा के मूल जनपद रायबरेली में डेरा डाले हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आरोपियों के मददगारों का भी पता लगा रही है। पुलिस का कॉल डिटेल रिकॉर्ड से भी अहम सुराग मिले हैं।
फुटेज से कड़ी जोड़ रही पुलिस, किसकी थी ऑडी कार
पुलिस ने अवध ग्रीन अपार्टमेंट व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली हैं। फुटेज में घटना के 15 मिनट बाद एक सफेद रंग की ऑडी कार वहां आती हुई दिखी है। कार पर सचिवालय का पास लगा है। वहां आने के बाद कार फिर लौट जाती है। पुलिस फुटेज के जरिये कड़ियां जोड़ रही हैं। सीसीटीवी में आरोपी भी कैद हुए हैं। एसीपी रजनीश वर्मा का कहना है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद घटनाक्रम का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम को सेक्टर एफ अलीगंज निवासी शिवा शर्मा की रहस्यमय हालात में प्रेमिका श्रद्धा के फ्लैट से गिरकर मौत हो गई थी।