रायबरेली। फिजा में होली का रंग चढ़ चुका है। हर कोई होली के उल्लास व उमंग में डूबा नजर आ रहा है। फिजा में होली का रंग व तराने घुल गए हैं। रंग बरसे भीगे चुनरवाली... होली खेले रघुवीरा... जैसे गीतों की धूूम हर तरफ सुनाई देने लगी है। शनिवार को बाजार में पर्व के लिए खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ी। कपड़े, क्राकरी के अलावा बेकरी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखी। अब रविवार को होलिका दहन के बाद सोमवार को हर कोई रंग में डूबा दिखेगा।शहर के सब्जी मंडी, कैपरगंज, सुपर मार्केट, सराफा बाजार, रेलवे स्टेशन रोड समेत अन्य बाजारों में सुबह से ही लोगों की भीड़ रही। कपड़े, पिचकारी और रंगों के साथ खाने-पीने की वस्तुएं भी खूब खरीदी गई। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में चिप्स, पापड़ और नमकीन खरीदने कते लिए लोगों की भीड़ रही। चिप्स और पापड़ की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई।
हर बार की तरह इस बार भी दुकानों पर रेडीमेड गुझिया की खूब डिमांड रही। हर किसी ने गुझिया खरीदने में रुचि दिखाई। कुछ लोगों ने गुझिया बनाने के लिए बाजार पहुंचकर मावा की खरीदारी की। वहीं होली पर मिठाई खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। किसी ने गुझिया तो किसी ने मिठाई खरीदी।
3462 स्थानों पर आज होगा होलिका दहन
जिले में 3462 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। होलिका दहन को लेकर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की खास नजर है। यहां पर सिविल पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। डॉयल 112 की पीआरवी को अलर्ट कर दिया गया है। एसपी अभिषेक कुमार अग्रवाल ने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
चौराहों पर खड़े रहेंगे पानी के टैंकर
होली को लेकर नगर पालिका ने भी तैयारी कर ली है। होली खेलने के लिए चौराहों पर पानी के टैंकर उपलब्ध रहेंगे। पालिकाध्यक्ष शत्रोह्न सोनकर ने बताया कि होली को लेकर साफ-सफाई के साथ सफाई कर्मियों की डयूटी लगा दी गई है। चूना का छिड़काव भी कराया जा रहा है। शहर के चौराहों पर पानी के टैंकर उपलब्ध रहेंगे। रविवार की सुबह सात बजे से ही घरों पर पानी की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी, जो लगातार चलती रहेगी।
शराब पीकर न चलाएं वाहन
यातायात प्रभारी अजय सिंह तोमर ने बताया कि होली पर शराब के नशे में तेज गति वाहन न चलाएं। दो पहिया वाहन को हेलमेट लगाकर व चार पहिया वाहन सीट बेल्ट पहनकर चलाएं। राजमार्ग पर हुड़दंग न करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।