गोसाईंगंज। अंसल में शुक्ला श्याम मार्बल शोरूम में घुसकर कुछ लोगों ने कर्मचारियों को पीट दिया। मामले में दो नामजद सहित 10 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
हरिहरपुर निवासी महेश नारायण के अनुसार, बुधवार दोपहर दो बजे वह शोरूम में बैठे थे। तभी कार से दो युवक पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने मालिक से फोन पर बात कराने का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने उनका फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया। विरोध पर आरोपियों ने 10 लोगों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर उन्हें और शोरूम कर्मचारियों को बाहर खींचकर लात-घूंसों से पीटा। पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित घटना का सही कारण नहीं बता सके हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।