रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर ट्रेन के आने का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : संवाद
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस, पंजाब मेल समेत कई ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा। महाकुंभ के श्रद्धालुओं की भीड़ भले ही कम रही, लेकिन नियमित ट्रेनों से सफर करने वाले अन्य रूटों के यात्रियों की संख्या ज्यादा होने से काफी असुविधा हुई।
रविवार को लखनऊ से वाराणसी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, टनकपुर से शक्ति नगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल व लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से आई। प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस सवा घंटे, प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे देर से पहुंची।
हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, बनारस-देहरादून जनता मेल, आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस और चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई। शनिवार को देर रात प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस सवा दो घंटे, जौनपुर-रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से आई। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा।
रविवार को दोपहर में पंजाब मेल और जनता मेल पहुंची तो जनरल बोगियों में चढ़ने के लिए यात्री काफी परेशान हुए। इन ट्रेनों की जनरल बोगियां पहले से ही फुल होने से यात्रियों के बीच नोकझोंक भी होती रही। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट हुई हैं। महाकुंभ को देखते हुए भीड़ ज्यादा नहीं है। सामान्य दिनों की तरह यात्रियों की भीड़ दिख रही है।