कोहरे की मार से ट्रेनों का संचालन बुरी तरह लड़खड़ाया हुआ है। दर्जनभर से अधिक ट्रेनें लेटलतीफी की शिकार हैं। इसमें लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस 12.30 घंटे की देरी से पहुंची। वहीं पनवेल गोरखपुर एक्सप्रेस सवा 11 घंटे की देरी से रविवार को पहुंची और दिल्ली अलीपुरद्वार स्पेशल ट्रेन भी 11 घंटे लेट हो गई।
इसी तरह रविवार को आने वाली पूरबिया एक्सप्रेस व गरीब रथ एक्सप्रेस सवा सात घंटे की देरी से सोमवार को पहुंची। मरुधर एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, सुहेलदेव एक्सप्रेस पौने पांच घंटे लेट पहुंची। मुजफ्फरपुर पोरबंदर एक्सप्रेस पांच घंटे, कोटा पटना व साबरमती एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, कुशीनगर एक्सप्रेस सवा पांच घंटे, सरयू यमुना एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, बरौनी ग्वालियर एक्सप्रेस व फैजाबाद लखनऊ पैसेंजर साढ़े चार घंटे, भोपाल प्रतापगढ़ एक्सप्रेस पौने चार घंटे, बाराबंकी लखनऊ मेमू साढ़े तीन घंटे, अवध एक्सप्रेस करीब चार घंटे लेट रही। इसी तरह फरक्का एक्सप्रेस, एलटीटी कानपुर सुपरफास्ट, एकात्मता एक्सप्रेस, प्रयागघाट बरेली पैसेंजर, मुजफ्फरपुर सूरत एक्सप्रेस, वरुणा एक्सप्रेस, नौचंदी व गोरखधाम एक्सप्रेस भी देरी से पहुंची।
एक फ्लाइट निरस्त, कई लेट
प्रतीकात्मक तस्वीर
कोहरे के कारण अमौसी एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने वाली गोएयर की फ्लाइट जी8-207 निरस्त कर दी गई। जबकि अहमदाबाद से आने वाला इंडिगो का विमान 1:30 घंटे, मुंबई से रात 10 बजे आने वाला गोएयर का विमान दो घंटे, हैदराबाद से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट डेढ़ घंटे, गोएयर का कोलकाता से शाम 6:45 बजे आने वाला विमान आधे घंटे देरी से पहुंचा।
वहीं लखनऊ से बंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाला विमान 2:50 घंटे, लखनऊ से मुंबई जाने वाली शाम 5:30 बजे की फ्लाइट एक घंटे देरी से उड़ान भर सकी।
ऐशबाग की ट्रेनें चारबाग से हुईं रवाना
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर सिग्नल व ट्रैक मेंटेनेंस का काम होने की वजह से ऐशबाग से चलने वाली ट्रेनें चारबाग से रवाना हुईं। इसमें मथुरा छपरा एक्सप्रेस, उत्सर्ग एक्सप्रेस और एलटीटी गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं। इंटरलॉकिंग की जानकारी न होने पर जो यात्री पहले ट्रेन पकड़ने के लिए ऐशबाग पहुंच गए थे, उन्हें चारबाग जाना पड़ा। इससे उन्हें परेशानी हुई।