मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को स्वास्थ्य विभाग की 1153
करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।
इसमें 1078
करोड़ रुपये की लागत वाली 114 परियोजनाओं का शिलान्यास तो 75 करोड़ रुपये
की लागत से तैयार 49 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।
कार्यक्रम गोमतीनगर
स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा। इस मौके पर आशाओं व एएनएम
स्वास्थ्य कर्मियों को मोबाइल फोन भी वितरित किए जाएंगे।
विशेष
सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण शशांक विक्रम के मुताबिक
रविवार को 200 बेड के राज्य स्तरीय महिला प्रसूति एवं बाल चिकित्सालय
गोमतीनगर व 100 बेड वाले संयुक्त चिकित्सालय हरदोई का शिलान्यास होगा।
39
जिला महिला चिकित्सालयों में 100 बेड केमैटरनिटी विंग भवन, 7 सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 50-50 बेड के मैटरनिटी विंग भवन, 62 सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्रों में 30 बेड के मैटरनिटी विंग भवन, 3 प्राथमिक स्वास्थ्य
केंद्र तथा एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का शिलान्यास होगा।
75
करोड़ की लागत से तैयार 14 सामुदायिक एवं 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों
के भवनों का लोकार्पण होगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने पर प्रदेश के
चिकित्सालयों में 7012 बेड बढ़ जाएंगे। शशांक विक्रम ने बताया कि प्रदेश की
सभी आशाओं व एएनएम कर्मियों को मोबाइल फोन दिए जाने हैं।
कार्यक्रम में
स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, राज्यमंत्री शंखलाल मांझी एवं नितिन अग्रवाल के
साथ विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।