उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में घने कोहरे के बीच नए साल के पहले ही तीन हादसे में मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मुरादाबाद बिजनौर मार्ग पर छजलैट थानाक्षेत्र में दाढ़ी महमूदपुर गांव के पास खड़े ट्रक में इको कार घुस गई। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम ने भी कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मासूम समेत तीन की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं।
यूपी: इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर घने कोहरे में आपस में टकराए वाहन, तीन की मौत, कई घायल
उत्तर प्रदेश के इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर नए साल के पहले दिन भीषण कोहरा वाहन चालकों के लिए आफत बना हुआ है। साल के पहले दिन भी घना कोहरा छाए रहने से एक बार फिर इटावा में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कुकरैल के पास एक साथ 12 से अधिक वाहन टकरा गए। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं।
अलीगढ़ में कई वाहन आपस में भिड़े
अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस वे पर कोहरे में सुबह-सुबह वाहनों की भिड़ंत हो गई। टप्पल इलाके में सुबह 8 बजे नोएडा से मथुरा जा रही बस कोहरे में खड़े ट्रक में घुसी गई। इसके पीछे कार बस में घुस गई। हादसे में कार में आग लग गई। इसके बाद एक दर्जन वाहन भिड़ गए। दुर्घटना में बस सवार यात्रियों समेत एक दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पताल भेजा गया।