मुख्य सचिव आलोक रंजन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सूबे में 5588.96 करोड़ रुपये की कार्य योजना मंजूर करते हुए केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2015-16 की कार्ययोजना के अनुसार मातृ स्वास्थ्य योजना के कार्यक्रम के तहत 300 फर्स्ट रेफरल यूनिटों को क्रियाशील कराया जाएगा।
200 फर्स्ट रेफरल यूनिटों पर ब्लड बैंक/ब्लड स्टोरेज यूनिट्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मातृ-शिशु वर्ष के तहत विभिन्न गतिविधियों का उद्घाटन 28 अप्रैल को मुख्यमंत्री करेंगे।
मुख्य सचिव बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की राज्य स्वास्थ्य सोसाइटी के शासी निकाय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गंभीर नवजात शिशु देखभाल इकाई के 18 नए पोषण पुनर्वास केंद्र स्थापित किए जाएंगे।