पास को लिखा प्रमोटेड, इंटरनल के नंबर गायब, छात्र परेशान
लखनऊ विश्वविद्यालय ने स्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों का रिजल्ट जारी कर दिया है, लेकिन विद्यार्थियों की मुसीबत कम होने के बजाय बढ़ गई हैं। विद्यार्थियों ने अन्य संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदन किया है। उन्हें जो अंकपत्र मिल रहा है उसमें कई गड़बड़ियां हैं। ऐसे में उन्हें दाखिला नहीं मिल पा रहा है। इसको लेकर विद्यार्थी परीक्षा विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
अप्लाइड जियोलॉजी विभाग में सभी विद्यार्थियों के अंकपत्र में पास के बजाय प्रमोटेड लिखा हुआ है। अंकपत्र में प्रमोटेड तब लिखा जाता है जब विद्यार्थी की एक या दो पेपर में बैक आती है और उसे अगली कक्षा में जाने का मौका दिया जाता है। इसके अलावा एमए हिंदी और एमए अर्थशास्त्र अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के इंटरनल के नंबर नहीं चढ़े हैं। फिजिकल एजुकेशन विषय में भी कई कॉलेजों के विद्यार्थियों के इंटरनल के नंबर नहीं चढ़े हैं। ऐसे में उनका रिजल्ट अपूर्ण बता रहा है। अपूर्ण रिजल्ट से उन्हें अन्य संस्थान तो दूर लविवि तक में दाखिला नहीं मिलेगा।
सुधार रहे गलतियां
जिन अंकपत्रों में गड़बड़ियां हैं, या फिर इंटरनल के नंबर नहीं चढ़े हैं, उनके विभाग और परीक्षा विभाग के बीच बेहतर सामंजस्य है। ये गड़बड़ियां दूर की जा रही हैं। किसी भी विद्यार्थी को अंकपत्र की गड़बड़ी की वजह से दाखिले से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
- प्रो. ध्रुवसेन सिंह,
परीक्षा नियंत्रक, लविवि