लाभार्थियों के नाम की परची निकालते लोग।
- फोटो : amar ujala
एलडीए की अनंतनगर (मोहान रोड) आवासीय योजना के भूखंडों की लॉटरी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुरू की गई। लॉटरी में जिन आवेदकों को भूखंड मिल गए, उनके चेहरे खिल उठे।
लॉटरी के पहले दिन सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए 112.5 वर्गमीटर के 43 भूखंडों की लॉटरी हुई। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवेदकों के हाथों से ही लॉटरी ड्रॉ की पर्ची निकलवाई गई। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बुधवार को 112.5 वर्गमीटर के 78 भूखंडों की लॉटरी आरक्षित वर्ग के आवेदकों के लिए होगी।
ये भी पढ़े- Ayodhya: हाईटेक होगी राम नगरी की सुरक्षा, संदिग्ध का स्केच डालते ही लोकेशन बता देगा सॉफ्टवेयर, एआई का होगा प्रयोग
गोरखपुर निवासी महिला विनोद के नाम की पर्ची खुली तो वह खुशी से भावुक हो गईं। उन्होंने यूट्यूब पर हो रहे प्रसारण की सराहना भी की। सभागार में उपस्थित बालकृष्ण सिंह ने बताया कि उन्होंने पहली बार प्राधिकरण में भूखंड के लिए आवेदन किया था और लॉटरी में उनका नाम आ गया। अपर सचिव ने बताया कि लॉटरी का आयोजन चार दिन तक चलेगा। 12 जून को 162 वर्गमीटर व 13 जून को 200, 288 एवं 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंडों की लॉटरी की जाएगी।
ये भी पढ़े- UP: वायरल वीडियो मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष पर गिरी गाज, पार्टी से निष्कासित किए गए, एकपक्षीय कार्रवाई का लगाया आरोप
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि अनंतनगर योजना के अंतर्गत 785 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसमें डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अनंतनगर योजना में प्रथम चरण में 334 भूखंडों के लिए चार अप्रैल को ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। इसमें 13,031 लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराकर रजिस्ट्रेशन कराया है।