लखनऊ। गाजीपुर स्थित सुषमा अस्पताल के पास 17 अक्तूबर को अंजनी सिंह के गले से सोने की चेन लूटने वाले 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश हैदर अली को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी गई चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि सेक्टर नौ, स्टार कॉलोनी निवासी अंजनी सिंह बेटी के साथ स्कूटी से लोहिया अस्पताल से घर जा रही थीं। सुषमा अस्पताल के पास लेखराज सर्विस लेन पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और चेन लूटकर फरार हो गए। मामले में गाजीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज से एक बदमाश की पहचान मदेयगंज निवासी हैदर अली के रूप में हुई थी। जांच में उसका मूल पता सहारनपुर के मंडी इंदिरा चौक का मिला। शुक्रवार को सर्विलांस टीम और मुखबिर की सूचना पर उसे पिंक बूथ पॉलीटेक्निक के पास सार्वजनिक शौचालय से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर अलीगढ़ के क्वार्सी, सआदतगंज और वजीरगंज थानों में आर्म्स एक्ट व लूट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके साथी की तलाश कर रही है।