एसपी जीआरपी ने बताया कि एक बच्ची सीतापुर के रामकोट थाने के गांव भवानीपुर कालिका बख्श, दूसरी गांव गौरा में ट्रैक किनारे घायल मिली थी। तीसरी मानपुर थाना क्षेत्र के रमईपुर हाल्ट के पास मृत जबकि चौथी महमूदाबाद इलाके में घायल मिली थी। रामकोट में मिली बच्ची ने होश में आने पर खुद को बिहार के मोतिहारी पूर्वी चंपारण निवासी इद्दू अंसारी की बेटी अलबुन बताया।
उसने अपनी बहनों की भी पहचान की और माता-पिता व भाई के साथ ट्रेन से जम्मू के सफर की जानकारी दी। उसने बताया था कि सफर में मामा इकबाल ने दोस्त इजहार की मदद से चारों बहनों को ट्रेन से फेंक दिया था। अलबुन ने 25 अक्तूबर को लखीमपुर खीरी के मैगलगंज इलाके में ट्रैक किनारे मिले महिला के शव की शिनाख्त मां अफरीना के रूप में की थी।
सच सामने आने पर दो को क्लीन चिट
आईजी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि चार बच्चियों के साथ मां को चलती ट्रेन से फेंकने की बात सामने आने पर टीम जम्मू-कश्मीर, दिल्ली व बिहार के मोतिहारी भेजी गई। जीआरपी थाना सीतापुर के प्रभारी सुरेश यादव की टीम मोतिहारी से अफरीना की मां के साथ इकबाल और इजहार को लेकर लौटी।
खुलासा हुआ कि अफरीना जीवित है और मैगलगंज में ट्रैक किनारे मिला शव किसी अन्य महिला का था। इकबाल और इजहार ने खुद को बेगुनाह बताया। इस पर बिहार के जगदीशपुर थाने के गांव बेतिया पूर्वी चंपारण से अफरीना खातून को लाया गया। उसने पुलिस को पति की करतूत बताई और मजिस्ट्रेट के समक्ष कलमबंद बयान दर्ज कराए। इसके बाद जीआरपी ने इकबाल और इजहार को क्लीनचिट देकर इद्दू अंसारी की तलाश शुरू की थी।
इद्दू ने बताया कि पत्नी के मायके जाने के बाद उसे अपराध बोध हुआ। उसे फांसी का फंदा नजर आने लगा। कमरा खाली करने के साथ ही उसने सिमकार्ड तोड़कर फेंक दिया और फरार हो गया। तीन बच्चियों के जीवित होने की जानकारी पर वह गुनाह की माफी मांगने ससुराल पहुंचा तो पत्नी व ससुरालीजनों ने खदेड़ दिया। इसके बाद वह दिल्ली से नेपाल तक भटका।
कई दिन तक गांव में खेत पर रहा। आईजी जीआरपी ने बताया कि जम्मू में राजगीर का काम करने वाले इद्दू ने बताया कि वह 27 हजार रुपये लेकर भागा था। पठानकोट, लुधियाना, दिल्ली, नेपाल के वीरगंज व अन्य स्थानों पर रहा और नंबर बदल कर बेटों से फोन पर बात करता रहा।
पुलिस टीम को 10 हजार इनाम
एसपी जीआरपी ने ढाई महीने से फरार इद्दू की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। टीम में सीतापुर जीआरपी एसओ सुरेश कुमार यादव, लखीमपुर के एसओ जीआरपी आशीष वर्मा, एसआई रवींद्र कुमार पांडेय, सर्विलांस सेल प्रभारी अरविंद यादव, एसआई फजलुर्रहमान खान, अजीत शुक्ला, कांस्टेबल नंदेश्वर गिरि व जयप्रकाश यादव शामिल थे।