सीतापुर शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक शराबी युवक ने पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा काटा। बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद रुपये मांगने पर पंपकर्मी को चाकू लेकर दौड़ा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले गई।
शहर कोतवाली इलाके के स्टेशन रोड पर पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष फ़रहत बेग सनी का केटीएस पेट्रोल पंप है। मंगलवार देर शाम नशे में धुत आवास विकास निवासी विनय यादव पेट्रोल पंप पर पहुंचा और उसने 950 रुपए का पेट्रोल अपनी बाइक में भरवाया।
इसके बाद पंप कर्मचारी संजय मौर्य ने पैसे मांगे तो आरोपी युवक बाइक में रखी छुरी निकाल लाया और उसे दौड़ा लिया। संजय अपनी जान बचाने के लिए भागा तब तक पंप के अन्य कर्मचारी एकत्रित हो गए और उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह छुरी हवा में लहराने लगा।
इस बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मोबाइल टीम के पुलिसकर्मियों ने पंप कर्मियों के सहयोग से उसे पकड़ लिया और कोतवाली ले आए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। इंस्पेक्टर टीपी सिंह का कहना है इस मामले में पेट्रोल पंप मालिक की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई है।