लखनऊ। नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में विशेष पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा और पांच हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया है। जुर्माना न देने पर एक सप्ताह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। कोर्ट ने जुर्माने की पूरी राशि पीड़िता को देने का आदेश दिया।
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट विनीत नारायण पांडेय ने यह आदेश सुनाया। सरकारी अधिवक्ता ने बताया कि चार मार्च 2020 को पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एफआईआर के मुताबिक उसके रिश्तेदार अकरम घर पर आए थे। घटना के समय पिता काम पर गए थे और भाई-बहन बाहर खेल रहे थे। आरोप है कि अकरम ने उसे बुरी नीयत से पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और कपड़े खोलने लगा। शोर मचाने पर बहन और आसपास के लोग दौड़कर आए तो आरोपी उसे छोड़कर भाग गया।