लखनऊ में बाइक चलाते समय हेलमेट न पहनने पर परिवहन विभाग की महिला अधिकारी ने चालान काटने की कार्रवाई की तो दबंग युवक आपे से बाहर हो गया। उसने न सिर्फ महिला अधिकारी को जानमाल की धमकी दी, बल्कि दस्ते के कर्मचारियों से अभद्रता भी की।
हद तो तब हो गई जब युवक अपनी बाइक से महिला अधिकारी की कार का पीछा करते हुए उन्हें बार बार धमकाने लगा। दो किलोमीटर तक पीछा किए जाने के कारण महिला अधिकारी डर गईं। उन्होंने पुलिस केस दर्ज कराने की बात कही है। संभागीय परिवहन कार्यालय की प्रवर्तन इकाई की यात्री कर अधिकारी केके मिश्रा पीजीआई थाना क्षेत्र में हेलमेट एवं सीट बेल्ट की चेकिंग कर रही थीं।
दस्ते के कर्मियाें ने बाइक सवार को रोका और यात्री कर अधिकारी हेलमेट न पहनने के कारण चालान करने लगीं। इस पर युवक ने अभद्रता शुरू कर दी। जब बाइक का जब चालान हो गया तो उसने दस्ते के कर्मियों को गालीगलौज करते हुए यात्री कर अधिकारी को देख लेने की धमकी दी और वहीं पर खड़ा रहा। यात्री कर अधिकारी जब चेकिंग करके कार से चलीं तो युवक ने उनका पीछा शुरू कर दिया।