लखनऊ। काकोरी थानाक्षेत्र नरौना गांव के पास शनिवार देर रात बदमाशों ने अजीत राजपूत (24) की गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ अंडा रोल खाने आया था। अजीत, मौदा का रहने वाला था। वारदात काकोरी मोड़ पर स्थित शराब की दुकान के बाहर हुई। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
डीसीपी साउथ रवि कुमार के मुताबिक, नरौना गांव के काकोरी मोड़ के पास एक देसी व अंग्रेजी शराब की दुकान है। रात करीब 10 बजे के आसपास मौदा गांव निवासी अजीत अपने दो साथियों के साथ दुकान के बाहर खड़ा होकर अंडा रोल खा रहा था। इसी बीच दुकान पर मौजूद नरौना व मौदा गांव के कुछ लोगों का आपस में विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई होने लगी। इसके बाद असलहे भी निकल आए। इसी बीच किसी ने फायर झोंक दिया। गोली दोस्तों के साथ अंडा रोल खा रहे अजीत के सीने के बायीं ओर जा लगी। अजीत खून से लथपथ होकर गिर गया। आनन-फानन उसके दोस्त अनुराग व अटल पास के अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास भगदड़ मच गई थी। धड़ाधड़ दुकानें बंद हो गईं, लोग भाग गए।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक काकोरी कुलदीप सिंह गौर के मुताबिक, फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंच गई। वहां फायरिंग करने वाले की जानकारी हासिल की जा रही है। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। वहीं वारदात केकारण की जानकारी केलिए पुलिस शराब दुकान के कर्मचारियों व अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
शराब दुकानदार के परिचित थे हमलावर
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला है कि विवाद किसी और से था। हमला करने वाले शराब दुकानदार रवि यादव के परिचित थे। रवि ने ही गोली चलाने वाले बदमाशों को बुलाया था। वह किसी और की हत्या करवाना चाहता था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके पकड़ में आने केबाद हत्या की वजह सामने आएगी।