तेज बुखार था, संपर्क क्रांति के इंजन पर चढ़ गया युवक
क्रासर- जीआरपी ने मुश्किल से उतरा, बेहोश होने पर भेजा अस्पताल
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस वक्त ऊहापोह की स्थिति पैदा हो गई, जब एक युवक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़ गया। जिसे आरपीएफ व जीआरपी जवानों ने बड़ी मुश्किल से नीचे उतारा। बाद में पता चला कि युवक तेज बुखार से पीड़ित था। बेहोश होने पर उसे एम्बुलेंस से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन के जीआरपी प्रभारी जन्मेजय सिंह ने बताया कि सोमवार को 25 साल का एक युवक गाड़ी संख्या संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से लखनऊ आ रहा था। बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर एक युवक बोगी से उतरा और अचानक इंजन पर चढ़ गया। युवक कहीं ओएचई की चपेट में न आ जाए, इस आशंका से तत्परता बरतते हुए यात्री को तत्काल नीचे उतारा गया तो वह बेहोश हो गया। उसे तेज बुखार था। 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर पैसेंजर ने बताया कि उसका नाम दुर्गानंद यादव है और बिहार का रहने वाला है। तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिससे दिमाग ठीक से काम नहीं कर रहा था। जीआरपी ने पैसेंजर केपरिवारीजनों को सूचित कर दिया है।