लखनऊ। शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और गर्भपात कराने के आरोपी कारोबारी मोहम्मद गुफरान को सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों की कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी।
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक, गोरखपुर के सहजनवां निवासी युवती सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में किराए के मकान में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि दो साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर निवासी पत्तल कारोबारी मोहम्मद गुफरान (25) से हुई थी। दोनों में बातचीत होने लगी और वे मिलने-जुलने लगे। युवती का आरोप है कि आरोपी उसके कमरे पर भी आने-जाने लगा।
गुफरान ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के कमरे और चिनहट के मटियारी स्थित मिलेनिया रीजेंसी होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर आरोपी ने दर्द की दवा के बहाने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। दोबारा गर्भवती होने पर युवती ने गर्भपात कराने से इन्कार कर दिया और आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपी ने 26 अगस्त 2025 को पीड़िता का अल्ट्रासाउंड करवाया और तीन दिन बाद कमता स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर नींद का इंजेक्शन देकर दोबारा गर्भपात करा दिया। शादी की बात करने पर आरोपी पीड़िता से मारपीट करता था और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मटियारी स्थित होटल में कई बार उसका यौन शोषण किया।
बीते माह आठ जुलाई को आरोपी ने शादी करने के बहाने पीड़िता को चिनहट के एक होटल में बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इससे डरी-सहमी युवती ने बृहस्पतिवार को सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को किसान पथ से गिरफ्तार कर लिया।